Singrauli News: वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में चल रहे जनसंवाद अभियान के तहत मोरवा थाना क्षेत्र के ग्राम खिरवा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक समझाइश दी।
जन चौपाल में ग्राम सरपंच एवं सचिव की विशेष उपस्थिति रही, जिससे ग्रामीणों की भागीदारी और अधिक बढ़ी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें आपसी विवाद, जमीन संबंधी मामले, पारिवारिक विवाद, नशे की समस्या और स्थानीय स्तर की छोटी-छोटी शिकायतें प्रमुख रहीं।
निरीक्षक डॉ. सिंह ने मौके पर ही कई समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया। वहीं कुछ मामलों में कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए संबंधित पक्षों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे वे अपनी समस्या के समाधान के लिए सही दिशा में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और जनता दोनों की समान भूमिका है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें और अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
अंत में पुलिस ने आश्वस्त किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इस तरह के जन चौपाल कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके और पुलिस-जनता के बीच विश्वास और संवाद और अधिक मजबूत हो।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: जन चौपाल में उमड़ी भीड़, पुलिस ने मौके पर सुनी समस्याएं
MP News: मझगवां में भतीजे ने बुआ से किया दुष्कर्म, पीड़िता निकली 4 माह की गर्भवती, आरोपी गिरफ्तार