Singrauli News: रिहंद डूब क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण पर कार्रवाई,150 घन मीटर रेत जप्त

Singrauli News: सिंगरौली जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ  प्रशासन का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज विभाग, राजस्व अमले और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिहंद जलाशय के डूब क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित रेत को जप्त किया। कार्रवाई से रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी राम सुशील चौरसिया, राजस्व अमला तथा पुलिस चौकी सासन थाना कोतवाली बैढ़न की संयुक्त टीम ने ग्राम सासन एवं टूसाखांड की सीमा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रिहंद जलाशय के डूब क्षेत्र में करीब 150 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित लावारिस रेत पाई गई, जिसे मौके पर जप्त कर लिया गया। यहां बातते चले कि पिछले चार दिनों के दौरान यह तीसरी कार्रवाई है।

अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान शुरू

 खनिज विभाग ने नियमानुसार जप्त रेत को रेत ठेकेदार की सुपुर्दगी में सौंपते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ  सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध रेत कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कहीं भी अवैध खनिज भंडारण, परिवहन अथवा उत्खनन पाए जाने पर इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही कार्रवाइयों से खनिज माफिया पर दबाव बढ़ा है, वहीं प्रशासन ने साफ   संकेत दिए हैं कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़े-

Leave a Comment