Singrauli News: 35 लाख की चोरी, दो साल से सोती रही कोतवाली पुलिस

Singrauli News: रामलीला मैदान अंबेडकर चौक बैढ़न में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर गया। क्षेत्र के डीएवी रोड, वार्ड क्रमांक 40 निवासी दीपक कटारे अपनी पत्नी वर्षा कटारे के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और करीब दो साल पुरानी चोरी की घटना को उठाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ि़त परिवार के अनुसार उनके घर से लगभग 30 से 35 लाख रुपये की बड़ी चोरी हुई थी। इतनी गंभीर वारदात के बावजूद आज तक न तो पुलिस किसी आरोपी तक पहुंच सकी है और न ही मामले का खुलासा कर पाई है। यह स्थिति न केवल पुलिस की जांच पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोलती है।
दीपक कटारे ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर एसपी कार्यालय से लेकर आईजी स्तर तक शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को सभी जरूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई। इसके बावजूद कार्रवाई का अभाव यह दर्शाता है कि मामला या तो गंभीरता से नहीं लिया गया या फिर जांच में लापरवाही बरती गई। जन चौपाल में पीड़ि़त परिवार ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें अब पुलिस की कार्यशैली पर भरोसा नहीं रह गया है। उनका कहना है कि जब इतनी बड़ी चोरी का खुलासा नहीं हो पा रहा, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर कैसे निश्चिंत रह सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन जरूर दिया, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह आश्वासन भी पहले की तरह कागजी साबित होगा या इस बार पीड़ि़त परिवार को वास्तव में न्याय मिल पाएगा।
ये भी पढ़े-

Leave a Comment