Singrauli News : जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में जिला परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा किया।
जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं चेकपोस्ट प्रभारी विभा उइके के नेतृत्व में टीम ने लगातार निगरानी और रेकी कर ऐसे वाहन चिन्हित किए, जो नियमों को दरकिनार कर संचालित हो रहे थे। जांच में पाया गया कि कुछ स्कूल वैन और बस संचालक बिना वैध परमिट के वाहन चला रहे थे। इतना ही नहीं, ये वाहन मैरिज पार्टी और अन्य निजी कार्यों में भी उपयोग किए जा रहे थे, साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां भी ढोई जा रही थीं।
यह न केवल शासन के राजस्व की चोरी है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। कार्रवाई के दौरान जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई, उनमें एमपी 66 जेडई 5382, एमपी 66 पी 0568, एमपी 66 जेडएच 5210, एमपी 66 जेडआर 2598, एमपी 66 जेडई 2647 और एमपी 66 पी-0283 शामिल हैं। सभी वाहनों पर मौके पर ही ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की गई।
हालांकि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वाहनों को जप्त नहीं किया गया, लेकिन संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर बकाया टैक्स और शास्ति जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और राजस्व की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।