NEET Exam के लिए जिले के चार केंद्रों में की जा रही चाक-चौबंद व्यवस्था

पिछले महीने हुई नीट/यूजी प्रवेश परीक्षा (NEET Exam) का पेपर लीक होने से देशभर में बवाल मच गया था। आनन-फानन में परीक्षा रद्द की गई और नए सिरे से दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर इस बार तगड़े सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि परीक्षा बगैर किसी रुकावट के पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

नीट परीक्षा के लिए जिले में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सेंट्रल स्कूल जयंत, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल जयंत, एक्सीलेंस स्कूल वैढ़न और पीएम श्री स्कूल एनटीपीसी विंध्यनगर शामिल हैं। इन चारों केंद्रों में 12 सौ से अधिक प्रतिभागी परीक्षा देंगे।

केंद्रों में लगेंगे जैमर और सीसीटीवी कैमरे

पिछली बार की गलतियों से सीख लेते हुए एनटीए द्वारा इस बार परीक्षा केंद्रों में कैमरों के साथ जैमर लगवाया जा रहा है ताकि इलेक्ट्रानिक डिवाइस, मोबाइल आदि का उपयोग कोई न कर पाए। वहीं फ्रिस्किंग प्वाइंट छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग बनाए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा दो स्तर पर की जाएगी। अंदर की सुरक्षा  एनटीए के माध्यम से होगी, बाहरी सुरक्षा पुलिस बल द्वारा की जाएगी। केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में महिला और पुरुष जवान तैनात किए जाएंगे। केंद्रों में जेनरेटर के साथ पीने के लिए साफ जाएंगी। ठंडे पानी की व्यवस्था के साथ चिकित्सकीय टीम भी तैनात रहेगी।

15 मिनट का समय बढ़ाया

पिछली नीट प्रवेश परीक्षा में हुई गड़बड़ी से देशभर के छात्रों में आक्रोश व्याप्त रहा है। छात्रों की सहूलियत के लिए इस बार प्रवेश परीक्षा के समय में 15 मिनट की बढ़ोत्तरी की गई है। प्रवेश परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरु होकर शाम 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी। जो छात्र परीक्षा में शामिल होंगे, उनकों परीक्षा केंद्र में सुबह 11 बजे से प्रवेश की अनुमति रहेगी। छात्रों की पूरी जांच के बाद उनको केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षा केंद्र से पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ कॉपी भेजी जाएगी।

बंद गाड़ियों में कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचेगा पेपर

जिले में इंडिया पोस्ट के वाहनों से नीट का पेपर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक दिन पहले पहुंचाया जाएगा। पेपर को बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षावाले दिन बैंक लॉकर से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पेपर निकाला जाएगा, उसके बाद बंद गाड़ियों में पुलिस के सुरक्षा पहरे के साथ पेपर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

नीट परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिलों के कलेक्टर और एसपी से वीसी के माध्यम से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर गौरव बैनल ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी तरह की गलती हुई तो सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment