Singrauli News:पत्नी के बाद पति का भी फंदे पर मिला शव गांव में सनसनी

 

सिंगरौली:जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरका पुलिस चौकी के ग्राम पुरैल में सोमवार को चंद्रवती साकेत उम्र करीब 30 पति संतोष साकेत का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर बरका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरई भेजा गया था। इसी दौरान मायके पक्ष ने महिला की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई।

मायके पक्ष द्वारा महिला की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच के बाद पोस्टमार्टम कराने की मांग की गई, जिसके चलते सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्यवाही नहीं हो सकी *परिजनों का आरोप था कि चंद्रवती की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।

इसी बीच मंगलवार को मृतका के पति संतोष साकेत उम्र करीब 34 का शव भी गांव के जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला।* पति की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से ग्रामीणों और दोनों पक्षों के परिजनों में हड़कंप मच गया। संतोष के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

सूचना मिलने पर सरई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मस्कोले बरका पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। घटनास्थल पर कुछ परिजनों द्वारा पुलिस की कार्यवाही को लेकर विरोध किया गया। बरका चौकी प्रभारी शिव कुमार सोनवानी के साथ कुछ महिलाओं ने झड़प की तथा पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए।

स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने परिजनों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं मौके पर कुछ लोगों द्वारा थाना प्रभारी के वाहन के चारों पहियों की हवा निकालने की बात भी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। *इस घटना से परिवार के चार बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा* बताया जा रहा है कि मृतक दंपती के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 10 वर्ष से कम है। दोनों की मौत के बाद चारों बच्चे अनाथ हो गए हैं। परिवार की इस त्रासदी से गांव में भी शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस दोनों मौतों की परिस्थितियों और उनके बीच संभावित संबंधों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। *पत्नी की मौत हत्या थी या आत्महत्या और उसके बाद पति ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाई इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।* पुलिस द्वारा पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Comment