Singrauli News : हर घर तिरंगा अभियान में मंडल अध्यक्ष ने संभाली अगुवाई, घर-घर पहुंचाया राष्ट्रध्वज

Singrauli News : भारतीय जनता पार्टी जिला सिंगरौली के मंडल सिंगरौली में गुरुवार को ‘ हर घर तिरंगा अभियान ’ के तहत तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह सूर्यवंशी की अध्यक्षता में आयोजित अभियान में बाजार एवं रहवासी क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को राष्ट्रध्वज वितरित किए गए और सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह एवं सिंगरौली विधानसभा विधायक रामनिवास शाह के मार्गदर्शन में मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह सूर्यवंशी ने कार्यकर्ताओं के साथ अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार, जिला उपाध्यक्ष केके कुशवाहा, पूर्व जिला अध्यक्ष रामशुमिरण गुप्ता, तिरंगा यात्रा के विधानसभा संयोजक राजेंद्र सिंह प्रमार, विधानसभा सह-संयोजक अशोक शाह, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष सीताराम वर्मा सहित मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, युवा कार्यकर्ता एवं देशप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के संदेश के साथ राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Comment