Singrauli News:बैढ़न-तेलाई मकरोहर मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क का कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

 

Singrauli : जिले के बैढ़न-तेलाई,मकरोहर मार्ग पर कन्वेयर के पास पुलिस लाइन पचौर के समीप वर्षा एवं तेज जलप्रवाह के कारण क्षतिग्रस्त सड़क का कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने क्षतिग्रस्त सड़क एवं आसपास के क्षेत्र का अवलोकन करते हुए जनसुरक्षा और यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि उक्त मार्ग का निर्माण संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा किया गया था। मौका निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कुछ दिवस पूर्व नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा संबंधित सड़क विभाग की पूर्व अनुमति एवं जानकारी के बिना उक्त स्थान पर सड़क की क्रॉसिंग काटकर सीवर लाइन बिछाई गई थी। निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया एवं समुचित पुनर्भरण के अभाव में खुदाई वाला भाग कमजोर हो गया। अत्यधिक वर्षा एवं तेज जलप्रवाह के कारण सड़क के एम्बैंकमेंट में गंभीर कटाव हुआ, जिसके परिणामस्वरूप मार्ग का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया।

कलेक्टर ने नगर निगम के कार्यपालन यंत्री, ठेकेदार एवं सुपरविजन कंसल्टेंसी को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने नगर पालिक निगम सिंगरौली के कार्यपालन यंत्री , सीवर लाइन का कार्य करने वाले ठेकेदार तथा सुपरविजन कंसल्टेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

वर्तमान में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त स्थल पर यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया है। स्थल पर बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी संकेत भी लगाए गए हैं। मार्ग निर्माण एजेंसी को मौके पर तत्काल आवश्यक पाइप स्थापित करने, नियंत्रित मिट्टी भराव, समुचित कम्पेक्शन तथा कटावरोधी कार्य कर मार्ग को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Comment