Singrauli जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे एक मिस्त्री की जान चली गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलाइ मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार शिफ्ट बस ने 45 वर्षीय मिस्त्री बालकराम सोनी को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, (Singrauli Telai Mode) बालकराम सोनी रात के समय तेलाइ मोड़ के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक निजी कंपनी की शिफ्ट बस तेज गति से वहां से गुजरी और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालकराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर फैल गई।
बताया जा रहा है कि बस की टक्कर से सड़क किनारे खड़े तीन मवेशी भी घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से बस लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि तेलाइ मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि यहां स्पीड कंट्रोल के लिए उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़े-
Singrauli में नाबालिग की हत्या पर बवाल, मोरवा थाने पर हमला, पेट्रोल बम फेंके, आंसू गैस छोड़नी पड़ी