Singrauli NCL News: एनसीएल के पुनर्वास स्थल विकसित कर संयोजित तरीके से करें विस्थापन प्रक्रिया : कलेक्टर

Singrauli NCL News: एनसीएल से विस्थापित हो रहे परिवारों को चिन्हित आर.एन.आर. कॉलोनियों में निर्धारित शर्तों के अनुरूप समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराते हुए विकास कार्य पूर्ण कर प्लॉट अथवा आवास आवंटित किए जाएं, ताकि विस्थापितों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उक्त निर्देश कलेक्टर गौरव बैनल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एनसीएल प्रतिनिधियों की बैठक के दौरान दिए।

बैठक में एनसीएल के अधिकारियों ने विस्थापन से संबंधित अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। बताया गया कि एनसीएल ब्लॉक-बी क्षेत्रांतर्गत लगभग 44.50 हेक्टेयर क्षेत्र में आर.एन.आर. कॉलोनी स्थापित करने के लिए करीब 1750 प्लॉट चिन्हित किए गए हैं। कॉलोनी तक पहुंच मार्ग की व्यवस्था की जा चुकी है तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य 20 मार्च से प्रारंभ किए जाने की योजना है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विस्थापन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए, जिससे पात्र परिवारों को निर्धारित शर्तों के अनुरूप सभी लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों को समय पर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा चिन्हित आर.एन.आर. कॉलोनियों में समुचित विकास कार्य कर आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पुनर्वास स्थल शहर के नजदीक हो और वहां तक सुगम पहुंच मार्ग उपलब्ध हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्थापन की प्रक्रिया संयोजित एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाए, ताकि क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का निर्माण न हो सके। कलेक्टर ने यह सुझाव भी दिया कि निजी भूमि चिन्हित कर बड़े रियल एस्टेट डेवलपर्स के माध्यम से आर.एन.आर. कॉलोनियों का विकास कराया जा सकता है, जिससे सभी विस्थापित परिवारों को एक ही स्थान पर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा टाउन प्लानिंग के तहत प्राधिकरण द्वारा चिन्हित क्षेत्रों की प्लॉटिंग कराए जाने पर भी जोर दिया गया, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास के साथ-साथ प्राधिकरण की आय में वृद्धि हो सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित स्थलों के अतिरिक्त अन्य वैकल्पिक स्थानों की भी तलाश की जाए, ताकि पुनर्वास कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

Singrauli Ganiyari News: गनियारी के सरकारी भूमि में तीसरे दिन एक मकान पर चला बुलडोजर

Leave a Comment