Singrauli Spa Center News: सिंगरौली पुलिस ने स्पा सेंटरों को दी सख़्त चेतावनी, अवैध कार्यो पर होगी कार्यवाही

Singrauli Spa Center News : सिंगरौली जिले में संचालित स्पा और मसाज सेंटरों में अनियमितताओं तथा अवैध गतिविधियों की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिंगरौली पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में जारी इस एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि स्पा सेंटर की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध, अनैतिक या आपराधिक गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस द्वारा स्पा संचालकों को वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के साथ ही संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सेंटर में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पहचान पत्र एवं पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया है। एडवाइजरी में यह भी निर्देशित किया गया है कि रिसेप्शन और प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे कार्यशील स्थिति में लगाए जाएं तथा संचालन समय शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप रखा जाए। पुरुष एवं महिला ग्राहकों के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार या अन्य अनैतिक गतिविधियां, बिना पंजीकरण या फर्जी दस्तावेजों के संचालन, संदिग्ध व्यक्तियों को बिना रिकॉर्ड प्रवेश देना तथा बंद कमरों में नियमों के विरुद्ध सेवाएं देना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
उल्लंघन की स्थिति में संबंधित स्पा सेंटर को सील करने तथा संचालक और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सिंगरौली पुलिस द्वारा जिले के स्पा सेंटरों की लगातार जांच और आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। महिला थाना प्रभारी आराधना परिहार ने बताया कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधि या अवैध संचालन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित कर सहयोग करें।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने कहा कि स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियों को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Singrauli NCL News: एनसीएल के पुनर्वास स्थल विकसित कर संयोजित तरीके से करें विस्थापन प्रक्रिया : कलेक्टर

Leave a Comment