MP Board 5th, 8th Result 2026 : मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इन परीक्षाओं के रिजल्ट की तारीख घोषित कर दी है। दोनों कक्षाओं का परिणाम 25 मार्च को जारी किया जाएगा।
सुबह 11:30 बजे से देख सकेंगे रिजल्ट
अधिकारियों के अनुसार, छात्र अपना रिजल्ट सुबह 11:30 बजे से ऑनलाइन पोर्टल पर देख सकेंगे। इससे पहले सुबह 11 बजे राज्य शिक्षा केन्द्र के कार्यालय में रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इस तरह चेक करें अपना रिजल्ट
छात्र, अभिभावक और शिक्षक सभी लोग वेब पोर्टल पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए रोल नंबर या समग्र आईडी डालना होगा। साथ ही क्यूआर कोड स्कैन करके भी सीधे रिजल्ट लिंक तक पहुंचा जा सकता है।
स्कूल भी देख सकेंगे पूरा रिजल्ट
इस बार सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि स्कूल के शिक्षक और प्राचार्य भी अपनी पूरी स्कूल का विद्यार्थीवार रिजल्ट पोर्टल पर देख सकेंगे। इससे स्कूलों को अपने प्रदर्शन का पूरा आंकलन करने में आसानी होगी।
लाखों छात्रों का हुआ मूल्यांकन
इस साल प्रदेश में करीब 23 लाख 68 हजार से ज्यादा छात्रों ने 5वीं और 8वीं की परीक्षा दी थी। इनकी कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 322 केंद्र बनाए गए थे, जहां 1 लाख 10 हजार से अधिक शिक्षकों ने मिलकर कॉपियां जांची और अंक ऑनलाइन दर्ज किए।