Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थीं। आरोपी पति सोनू कुमार सिंह ने हत्या के बाद खुद पुलिस को फोन कर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना दानापुर के पूर्वी गोला रोड स्थित आवास की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति ने होली मनाने के लिए पत्नी से अपने गांव छपरा चलने को कहा था। लेकिन चांदनी ने जाने से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे हिंसक हो गया और गुस्से में आकर सोनू ने चांदनी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पहले पत्नी को जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे उसके कान से खून निकलने लगा। इसके बाद उसने गला दबाकर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने दो साल के बेटे को सुरक्षित रूप से छपरा स्थित अपने घर छोड़ आया और फिर दानापुर लौटकर देर रात डायल 112 पर फोन कर हत्या की जानकारी दी।
मृतका के परिजनों ने आरोपी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की बहन के अनुसार, शादी फरवरी 2023 में हुई थी और सोनू को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी, जिसमें वह लाखों रुपये हार चुका था। पैसों और संपत्ति को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: एनसीएल निगाही कॉलोनी में फंदे पर लटका मिला महिला का शव