Buddha Temple और Mada Eco Park : सिंगरौली जिले में गर्मी का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, लेकिन जैसे ही शाम ढलती है, मौसम सुहावना हो जाता है। इसी खुशनुमा माहौल का आनंद उठाने के लिए शहरवासी, खासकर बच्चे, अपने परिवार के साथ बाहर निकलने लगे हैं। ऐसे में बुद्धा टेंपल और माड़ा ईको पार्क इन दिनों लोगों के पसंदीदा ठिकाने बन गए हैं।
शाम होते ही इन पार्कों में बच्चों की चहल-पहल बढ़ जाती है। बच्चे अपने मॉम-डैड के साथ यहां पहुंचकर खेल-कूद, झूला झूलने और खुली हवा में सैर का आनंद लेते हैं। पार्कों में हरियाली, साफ-सुथरा वातावरण और आकर्षक संरचनाएं बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी आकर्षित कर रही हैं। बच्चे जहां झूले और फिसलपट्टी का मजा ले रहे हैं, वहीं बड़े लोग भी परिवार के साथ समय बिताकर सुकून महसूस कर रहे हैं।
इन पार्कों के आसपास Street Vendors भी अपनी दुकानें सजाकर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। चाट, पानीपुरी, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम जैसी चीजों का स्वाद लेते हुए लोग शाम को और भी यादगार बना रहे हैं। खासकर बच्चों के लिए यह समय किसी उत्सव से कम नहीं होता, जहां वे खेलते-खेलते अपनी थकान भूल जाते हैं।
गर्मी के इस मौसम में बच्चों में समर वेकेशन को लेकर उत्साह भी देखने को मिल रहा है। कई बच्चे अपने दादा-दादी या नाना-नानी के गांव जाने की जिद कर रहे हैं, लेकिन स्कूलों में अभी पढ़ाई जारी होने के कारण अभिभावक उन्हें फिलहाल रोक रहे हैं। ऐसे में पैरेंट्स बच्चों को खुश रखने के लिए छुट्टी वाले दिनों में पार्क घुमाने ले जा रहे हैं।
बच्चों का कहना है कि पार्क में खेलना उन्हें बहुत अच्छा लगता है। यहां उन्हें खुलकर खेलने की जगह मिलती है, झूले और फिसलपट्टी का आनंद मिलता है और दोस्तों के साथ समय बिताने का मौका भी मिलता है। एक बच्ची वैष्णवी बताती है कि वह रोज शाम को पार्क में खेलने जाती है और वहां से लौटकर पढ़ाई भी करती है। वहीं अन्य बच्चे भी दिनभर की गर्मी के बाद शाम को दोस्तों के साथ खेलने को सबसे अच्छा समय मानते हैं।
ये भी पढ़े-