IPL Season 19 : आईपीएल सीजन 19 का महारोमांच शनिवार शाम 7:30 बजे से शुरू हो रहा है। पहला मैच डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद खेलेंगी। लीग इतिहास में दूसरी बार (पहले 2017 में) दोनों टीमें ओपनिंग में भिड़ रही हैं। आरसीबी लगातार तीसरे साल और ओवरऑल 7वीं बार ओपनिंग मैच खेल रही है। इस बार 65 दिन में 10 टीमें 74 मैच (70 लीग, 4 प्लेऑफ) खेलेंगी। फाइनल 31 मई को होगा। पिछले 18 सीजन में ओपनिंग मैचों का क्या ट्रेंड रहा, आइए जानते हैं…
ओपनिंग मैच से जुड़े 5 रोचक फैक्टर…
ओपनिंग में बिग-4: आईपीएल में 31 मौकों पर बिग-4 यानी चेन्नई, मुंबई, केकेआर और आरसीबी ने ही ओपनिंग मैच खेले हैं। बाकी 5 टीमों ने केवल एक-एक बार ही उद्घाटन मैच खेला है।
ओपनिंग मुकाबलाः चेन्नई ने 9 बार, केकेआर ने 8 तो मुंबई ने भी 8 बार ओपनिंग मैच खेले हैं। इनमें केकेआर 6 बार, मुंबई 2 तो चेन्नई 4 बार ही जीती। ओपनिंग मैच में सबसे बड़ा टीम स्कोर केकेआर (2008 में बेंगलुरु के खिलाफ) ने 222/3 बनाया था। सबसे छोटा (70 रन) बेंगलुरु ने 2019 में चेन्नई के खिलाफ। सबसे बड़ी पारी केकेआर के ब्रेंडन मैक्कुलम (158*) ने 2008 में बेंगलुरु के खिलाफ खेली। यह सीजन ओपनर का अकेला शतक है। सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग का रिकॉर्ड आरसीबी के हर्षल पटेल (5/27) के नाम है। उद्घाटन मैच में सबसे ज्यादा 8 बार धोनी कप्तान रहे। यह रिकॉर्ड है।
टॉस का ‘सेफ’ “मंत्र” आईपीएल के 18 ओपनिंग मैच में टॉस जीतने वाली टीमों ने 14 बार गेंदबाजी ही चुनी। इनमें 11 बार उन्हें जीत मिली।
पावरप्ले में ‘डिफेंस’: ओपनिंग
मैचों के पावरप्ले के शुरुआती 6 ओवर में बल्लेबाज डिफेंसिव मोड में खेलते हैं, जिससे औसतन 45 रन बनते हैं। वहीं, डेथ ओवर्स (16-20) में रन फेस्ट देखने को मिलता है क्योंकि इन ओवर्स में बैटर्स 10+ के रन रेट से 50-55 रन बनाते हैं। बावजूद इसके ओपनिंग मैचों का औसत स्कोर 160 रन के करीब रहता है। इस दौरान सिर्फ दो बार 200+ का टोटल बना है।
बल्लेबाजों का दबदबाः 18 सीजन में से 11 बार बैटर्स ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड जीता है। हालांकि, पिछले 5 में से 4 सीजन में बॉलर्स ही मैच में हीरो रहे।