Jharkhand News: सड़क पर ही बिस्तर… ताकि सुबह सिलेंडर मिल जाए

Jharkhand News: झारखंड के खूंटी शहर में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रामनवमी के बाद से पिछले छह दिनों से सिलेंडर की सप्लाई ठप होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि गैस पाने के लिए लोगों को रातभर सड़क पर इंतजार करना पड़ रहा है।

खूंटी के एक गैस गोदाम के बाहर का नजारा बेहद चिंताजनक है। यहां एक महिला अपनी बारी सुनिश्चित करने के लिए रात में ही पहुंच गई और मच्छरों व अंधेरे के बीच मच्छरदानी लगाकर सड़क किनारे ही रात गुजार दी। महिला का कहना है कि अगर वह सुबह आती, तो लंबी कतार में उसका नंबर पीछे चला जाता और उसे खाली हाथ लौटना पड़ता।

गुरुवार को जब गोदाम में सिलेंडर वितरण शुरू हुआ, तो सैकड़ों लोग पहले से कतार में खड़े थे। हालांकि सीमित स्टॉक के कारण आधे से अधिक लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। इस स्थिति ने लोगों के दैनिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, क्योंकि गैस के बिना घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ये भी पढ़े-

Singrauli News : सिंगरौली में सरकारी दफ्तर में चोरी, लैपटॉप और इनवर्टर ले उड़े चोर

Singrauli News: वार्ड 38 बलियरी में NTPC विंध्याचल सुपर थर्मल पावर स्टेशन का राख डैम वहा के रहवासियों के लिए बना मुसीबत

Leave a Comment