NCL से फ़रवरी माह में सेवानिवृत्त हुए 59 कर्मी

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों से फरवरी माह के अंत में 59 कर्मी सेवानिवृत्त हुए, जिनमें 11 अधिकारी और 48 कर्मचारी शामिल हैं। इस उपलक्ष्य में मुख्यालय सहित विभिन्न परियोजनाओं में आयोजित अभिनंदन समारोह में कंपनी के उज्जवल भविष्य में उनके योगदान को याद किया गया।

NCL मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में महाप्रबंधक (उत्खनन) श्री प्रतीक सिन्हा, महाप्रबंधक (उत्खनन/सतर्कता) श्री उमाकांत यादव और केंद्रीय चिकित्सालय सिंगरौली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री निर्मल कुमार भौमिक जैसे अनुभवी अधिकारी शामिल रहे। इनके साथ ही सीएमसी विभाग के कार्यालय अधीक्षक श्री रविंद्र सिंह एवं निदेशक (वित्त) सचिवालय के सहायक परिवहन पर्यवेक्षक श्री भुवाल राम को भी उनकी समर्पित सेवाओं के लिए भावभीनी विदाई दी गई।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (मानव संसाधन), एनसीएल श्री मनीष कुमार ने सेवानिवृत्ति हो रहे कर्मियों को जीवन के इस नए पड़ाव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब उनके जीवन का एक नया दौर शुरू हो रहा है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को परिवार के साथ संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने, अधूरे सपनों को पूरा करने और एनसीएल परिवार से हमेशा जुड़े रहने का परामर्श दिया।इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी) श्री आशुतोष द्विवेदी ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कंपनी की प्रगति में उनके परिश्रम की सराहना की। कार्यक्रम की बेला में सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे महाप्रबंधक(उत्खनन) श्री प्रतीक सिन्हा ने एनसीएल को एक ‘वट वृक्ष’ के रूप में परिभाषित करते हुए कंपनी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की, वहीं श्री उमाकांत यादव ने एनसीएल को एक परिवार बताते हुए कहा कि कंपनी ने हमेशा कर्मियों की व्यक्तिगत जरूरतों का ध्यान रखा है। उन्होंने नई पीढ़ी से कंपनी को और आगे ले जाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान अन्य साथियों ने भी सेवानिवृत्त कर्मियों की प्रशासनिक दक्षता, सूक्ष्म प्रबंधन और उनके सौम्य व्यक्तित्व के संस्मरण साझा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़े-

Singrauli पुलिस का सराहनीय कदम, होली से पहले लौटाए 172 गुम मोबाइल, लाखों की संपत्ति मालिकों को मिली

Leave a Comment