Singrauli Adani Power Plant News: मजदूर की मौत के बाद प्लांट में बवाल, पुलिस की गाड़ियां फोड़ी, कई मजदूर काम छोड़कर लौटे घर

Singrauli Adani Power Plant News: सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र के बधौरा स्थित Adani Power Plant में शनिवार सुबह एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। घटना की खबर फैलते ही प्लांट में काम कर रहे मजदूर आक्रोशित हो गए और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण बन गया। गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और कुछ स्थानों पर आगजनी भी कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रमिक इकट्ठा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आरोप है कि इस दौरान कुछ मजदूरों ने प्लांट परिसर में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया और कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। हंगामे के दौरान पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। वहीं एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है।

घटना के दौरान मौके से सामने आए वीडियो में प्लांट परिसर के एक हिस्से से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है, जिससे आगजनी की पुष्टि हो रही है। स्थिति बिगड़ती देख कई मजदूरों ने काम बंद कर दिया और प्लांट छोड़कर अपने घरों की ओर लौट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। पुलिस ने मजदूरों से शांत रहने की अपील की और घटना की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन का कहना है कि मजदूर की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जा रही है। वहीं प्लांट प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ये भी पढ़े-

WhatsApp call के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पंखे से लटकी मिली लाश; मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

Leave a Comment