Singrauli Adani Power Plant News: माड़ा थाना क्षेत्र के महान परियोजना में आज दिन शनिवार की सुबह एक अफवाह से श्रमिको ने आगजनी और तोड़फोड़ करते हुये भारी बवाल किया। घंटे भर जारी इस बवाल के बीच प्रशासन एवं पुलिस घटनास्थल पहुंच मोर्चा संभाल लिया, जहां अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण एवं सामान्य बताई जा रही है।
दरअसल पावर प्लांट में कार्यरत एक संविदा श्रमिक ललन राम चन्द्रवंशी पिता रामदास राम उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम मझिगवां-झुरहा रमना जिला गढ़वा-झारखण्ड प्रांत का शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे शिफ्ट की ड्यूटी करने के बाद अपने आवास में भोजन करने के बाद रूम पार्टनरों के साथ गप्प-सप्प कर रहे थे। इसी दौरान ललन राम के गले में अचानक खरास हुआ, उन्होंने अपने रूम पार्टनर कमलेश राम को बताया। कमलेश राम ने अदरक खाने की सलाह देने लगे। तभी ललनराम का गला जाम हो गया और वे अपना सीना पिटते हुये जमीन पर गिर पड़े।
आनन-फानन में एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए बैढ़न स्थित ऑम साई हॉस्पिटल में लाए। सीपीआर देने के बावजूद सुधार न होने पर चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न लाया। इस तरह का बयान मृतक के रूम पार्टनर कमलेश राम ने साझा किया है। उसने यह भी बताया कि कंपनी प्रबंधन की कोई गलती नही है। अंतिम क्षण तक कंपनी प्रबंधन बचाने के लिए हर संभव बचाने के लिए कोशिश किया है। इधर आज दिन शनिवार की सुबह जैसे ही ललन राम के मौत की खबर फैली, किसी ने अफवाह उड़ा दिया। इसके बाद परियोजना में कार्यरत श्रमिको ने कंपनी परिसर के अंदर ही बवाल करते हुये आगजनी और तोड़फोड़ करने लगे।
यहां तक कि पुलिस चौकी बंधौरा के वाहन के साथ भी तोड़फोड़ करते हुये पलटा दिए। आलम यह था कि सनकी श्रमिको ने ललन राम के मौत के कारणों का पता न कर अफवाहों में पड़ कर परिसर के अंदर जमकर बवाल करते हुये संविदा कंपनी पावर मेक के दफ्तर में भी तोड़फोड़ किया है। सूत्र बताते हैं कि यह सब कथित उपद्रवियों ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत घटना को अंजाम दिया है। परियोजना के एक कर्मचारी के साथ मारपीट भी की है। उधर घटना की सूचना मिलते ही माड़ा एसडीएम नन्दन तिवारी, एसडीओपी मोरवा आईपीएस गौरव पाण्डेय सहित आसपास के सभी थानों के साथ-साथ अतिरिक्ति पुलिस बल घटना स्थल पहुंच स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
इस दौरान पुलिस व प्रशासन ने फ्लैग मार्च कर आता ताइयों को कड़ा संदेश भी दिया है कि परियोजना में तोड़फोड़, आगजनी, मारपीट एवं अफवाह फैलाने वाले लोगों को बक्शा नही जाएगा। फिलहाल मामला शांत है और नियंत्रण में है। पुलिस एवं प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण एवं सामान्य है। पावर प्लांट का काम भी चालू है। जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है, उन्हें बक्शा नही जाएगा। प्रशासन की इस संदेश से आताताइयों में हड़कंप मच गया है।
महान परियोजना ने व्यक्त किया गहरी शोक संवेदना
बीते दिन कल शुक्रवार की रात लगभग 10:30 बजे महान परियोजना में संविदा कर्मचारी ललन राम उम्र 38 ने शाम को अपनी शिफ्ट पूरी करने के बाद अपने आवास पर अस्वस्थता महसूस होने की सूचना दी। उन्हें तुरंत कंपनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और वहां से बैढ़न के जिला अस्पताल में रिफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल में मौजूद चिकित्सा दल के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। हम शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमने इस घटना के संबंध में कुछ अफवाहें भी सुनी हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि अटकलों से बचें और केवल सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें। हमारी संवेदनाएं दिवंगत के परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।
क्या श्रमिको को भड़काने वाले होंगे गिरफ्तार?
संविदा कर्मी श्रमिक ललन राम की हार्ट अटैक से मौत हुई है, पुलिस ने प्रथम दृष्टिया में माना है और मृतक के रूम पार्टनर कमलेश राम ने भी इस बात की पुष्टि भी की है। लेकिन अफवाहों के बीच जिस तरह से परियोजना में आगजनी, तोड़फोड़, मारपीट करते हुये घंटो बवाल हुआ है, अब सवाल उठ रहा है कि क्या ऐसे लोगों की गिरफ्तारी होगी, जिन्होंने श्रमिको को भड़काने का काम किया है। प्रबुद्धजन इस घटना की घोर निंदा करते हुये कहा है कि कानून व्यवस्था यदि बेहतर बनानी है तो अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति करने का कोई साहस जुटा ना पाये। प्रबुद्धजन यह भी बता रहे हैं कि इस आगजनी, तोड़फोड़ की घटना में कंपनी को लाखों-करोड़ों रूपये के नुकसान होने का अनुमान है। अब इस तरह की चर्चाएं, जगह-जगह होने लगी हैं।
पुलिस वाहन में तोड़फोड़, उपद्रवियों की शिनाख्त शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही बंधौरा चौकी प्रभारी बीएल बंसल एवं माड़ा थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ स्थल पहुंचे। सूत्र बताते हैं कि जैसे ही सूत्र कर्मी पहुंचे, उपद्रवी श्रमिको ने उन्हें घेर लिया। अपनी सुझ-बुझ से बच निकले, लेकिन श्रमिको ने वाहन में तोड़फोड़ करते हुये पलटा दिया। वहीं पुलिस इन अराजक तत्वों की शिनाख्त कराने में लग गई है।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – SDM नन्दन तिवारी
आज सुबह सूचना मिली कि श्रमिक ललन राम की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है। प्रथम दृष्टिया में यह बात सामने आई है। बिसरा ले लिया गया है। कुछ मजदूर आक्रोशित हो गये और कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई थी। हम सब तत्काल पहुंच स्थिति को संभाल लिये। कंपनी का जो भी नुकसान हुआ है, कंपनी उसका आंकलन कर सूची देगी, ऐसे कानून को हाथ लेने वालों के विरूद्ध सख्त कर्रवाई की जावेगी और फोटो-वीडियों के आधार पर चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है। पुलिस के पास भी फोटो-वीडियों है।
ये भी पढ़े-Singrauli News: सिवरेज ठेकेदार ने हर्रई मार्ग को किया तहस नहस