Singrauli Devsar News: देवसर के सहुआर में मप्र शासन की सुरक्षित भूमि पर हो रहा कब्जा

Singrauli Devsar News: तहसील देवसर के पटवारी हलका सहुआर अंतर्गत डणवा टोला में मध्य प्रदेश शासन की सुरक्षित भूमि पर विगत दो दिनों से कब्जे की कवायद हो रही है। इस क्रम में दर्जनों लोगों द्वारा बास बल्ली से झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम सहुआर डणवा टोला की बेशकीमती भूमि आराजी क्रमांक 1105, मध्य प्रदेश शासन के नाम सुरक्षित है। इस भूमि पर वर्ष 2010-12 में ग्राम पंचायत सहुआर द्वारा लाखों रुपये खर्च कर वृक्षारोपण कराया गया था। इसके बाद भी स्थिति यह है कि विगत दो दिनों के दौरान इस भूमि पर लगे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई करते हुए दिन-रात एक कर दर्जनों झोपड़ियां खड़ी कर दी गईं।

पंचायतवासियों ने त्वरित कार्रवाई की लगाई गुहार

शासन की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन अनजान है तो पंचायत भी उदासीन बनी हुई है। उसके द्वारा लाखों से कराए गए वृक्षारोपण को तहस नहस कर अतिक्रमणकारी बेखौफ झोपड़ियां तान चुके हैं। पंचायत के लोगों ने इस अवैध कब्जे पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Leave a Comment