Singrauli LPG Cylinder News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर ( LPG Cylinder) को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। जहां एक ओर प्रशासन यह दावा कर रहा है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्थिति इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। शहर की एक भारत गैस एजेंसी के बाहर लगाया गया नोटिस उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा रहा है। जिसमे यह साफ लिखा गया है कि ‘सिलेंडर उपलब्ध नहीं’ है।
एजेंसी ने लगाया ‘सिलेंडर उपलब्ध नहीं’ का नोटिस
दरअसल, एजेंसी कार्यालय में पर्ची कटाने वाली जगह के पास एक कागज चस्पा किया गया है, जिस पर साफ शब्दों में लिखा गया है कि “सिलेंडर उपलब्ध नहीं है, कल भी सिलेंडर मिलने की संभावना कम है।” इस नोटिस को देखकर गैस लेने पहुंचे कई उपभोक्ताओं को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर दिक्कतें आ रही हैं, जिससे घरों की रसोई प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कई उपभोक्ता सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े रहते हैं, लेकिन जब उन्हें सिलेंडर नहीं मिलता तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। खासकर ऐसे परिवारों को ज्यादा परेशानी हो रही है जिनके घर में खाना बनाने का एकमात्र साधन गैस सिलेंडर ही है।

दूसरी ओर जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन का यह भी कहना है कि यदि कहीं वितरण में समस्या आ रही है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल एजेंसी के बाहर लगा नोटिस और उपभोक्ताओं की परेशानी यह संकेत दे रही है कि गैस वितरण व्यवस्था में कुछ न कुछ गड़बड़ी जरूर है। ऐसे में जरूरत है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालें, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
ये भी पढ़े-