Singrauli News: सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे एक बाइक गिरी हुई देखी और उसके नीचे युवक को पड़ा पाया, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
एक महीने पहले हुई थी शादी
मृतक की पहचान खनतरा थाना मझौली निवासी अजय कुमार बैस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस घटना को संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मौके की जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे मामला सामान्य दुर्घटना की बजाय संदिग्ध लग रहा है। यही वजह है कि पुलिस इस घटना को हत्या की आशंका से भी जोड़कर देख रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की किसी से पुरानी रंजिश होने की जानकारी तो सामने नहीं आई है, लेकिन जिस हालत में शव मिला है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास के सबूतों को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
ये भी पढ़े-