Singrauli News: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बैढ़न में छात्रों को बताए भूकंप व अग्नि आपदा के दौरान सुरक्षा के उपाय

Singrauli News: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व गृह विभाग के भूकंप आपदा जोखिम न्यूनीकरण, प्रशिक्षण एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस वैढ़न में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। एसडीआरएफ के कमांडेंट योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में छात्र-छात्राओं को भूकंप जैसी आपदा से बचाव, विशेष रूप से अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। कॉलेज परिसर में एसडीआरएफ की टीम ने विभिन्न आपदा बचाव उपकरणों का प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि आपदा के समय त्वरित निर्णय, सही तकनीक और उपकरणों का उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। विशेष सत्र में आग से बचाव की सावधानियां बताई गई। इसमें बिजली के उपकरणों की नियमित जांच, गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखने, सार्वजनिक स्थानों पर फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य रूप से रखे जाने की सलाह दी गई।

भूकंप आने पर बचाव एवं तैयारी पर जोर भूकंप के दौरान ड्रॉप, कवर होल्ड तकनीक, आग लगने पर सुरक्षित निकासी के तरीके सिखाए गए। प्राथमिक उपचार, आपातकालीन संपर्क व्यवस्था व सामुदायिक जागरूकता पर जोर दिया गया। इसमें एक बैग में जरूरी दवाएं, टॉर्च-बैटरी आदि रखने की सलाह दी गई तो घरों में खिड़की और दरवाजों की दरारों को दुरुस्त रखने के बारे में कहा गया।

भूकंप में किस तरह बचाव करना है यह सिखाया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से आमजन में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और किसी भी आपात स्थिति में नुकसान कम किया जा सकेगा। प्रशिक्षण में पीएम कॉलेज के स्टाफ के साथ सौ से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

मुख्यतः तीन तरह की होती हैं आपदायें

प्रशिक्षण में छात्रों को बताया गया कि आपदायें 3 तरह की होती हैं। पहली प्राकृतिक आपदा में भूकंप, बाढ़, तूफान आते हैं। मानव निर्मित आपदाओं में आग व रासायनिक दुर्घटनाएं हैं। तीसरी जैविक आपदा में महामारी व संक्रामक रोग होते हैं। इसके साथ परिसर में विभिन्न तरह की आपदा के समय बचाव के काम आने वाले उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिनके बारे में छात्र-छात्राओं ने जानकारी ली।

पांच तरह के होते हैं फायर एक्सिटिंग्वशर प्रशिक्षण के दौरान आग बुझाने वाले यंत्रों फायर एक्टिंग्विशर के बारे में जानकारी दी गई। होमगार्ड के सहायक कमांडेंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि 5 तरह के फायर एक्टिंग्विशर होते हैं। पहला वॉटर एक्टिंग्विशर होता है, जो कागज व लकड़ी में लगी आग बुझाने के लिए प्रयुक्त होता है।

दूसरा फोम एक्टिंग्विशर तेल एवं ज्वलनशील तरल पदार्थों के लिए, तीसरा सीओ 2 एक्टिंग्विशर विद्युत उपकरणों की आग बुझाने और चौथा ड्राई केमिकल पावडर बहुद्देशीय होता है, यह भी आग बुझाने में काम आता है। पांचवां वेट केमिकल एक्टिंग्विशर रसोई में तेल-घी की आग बुझाता है।

Singrauli Vindhyanagar News: बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण दो घंटे बंद रही आपूर्ति

Leave a Comment