Singrauli News: सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत खैराबड़ा गांव में बुधवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान एक महिला को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह विवाद को शांत कराया गया और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर करने की बात कही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद की जड़ जमीन से जुड़ा मामला है, जहां खूंटा गाड़ने को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बुधवार को फिर से इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो हिंसा में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े-
MP News: ड्रोन की मदद से रेत माफियाओं को ढूंढकर वार कर रहा प्रशासन, 7 वाहन जब्त
Singrauli News:30 फीट गहरे बोरवेल में गिरी बकरी, ग्रामीणों ने चंदा कर जेसीबी से बचाई जान