Singrauli News : चितरंगी में पिकअप-बाइक भिड़ंत, दोनों सवारों के पैर फ्रैक्चर 

Singrauli News : तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और गंभीर मामला चितरंगी थाना क्षेत्र में सामने आया है। चितरंगी तहसील कार्यालय के सामने आज दिन बुधवार की सुबह करीब 11 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक उछलकर सड़क से दूर जा गिरे। हादसे में दोनों युवकों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर आया है। घायलों को तत्काल चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक सामान्य गति से सड़क पर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक सहित कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वहीं टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में घायल युवक की पहचान कन्हैया लाल जायसवाल पिता तेजबली जायसवाल निवासी खरखटा थाना बरगवां के रूप में हुई है।
वह अपने दादा ससुर पंचधारी जायसवाल स्व. सूरज जायसवाल उम्र लगभग 70 वर्ष  को लेकर चितरंगी आया हुआ था। दोनों बाइक पर सवार होकर तहसील के सामने से गुजर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। चिकित्सकों ने दोनों के पैरों में फै्रक्चर की पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पिकअप वाहन चालक के खिलाफ   वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment