Singrauli News: नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 31 हर्रई पश्चिम के सड़को को सिवरेज ठेेकेदार ने एक महीने पूर्व खोद कर तहस-नहस कर दिया। जहां आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। वहीं संविदाकार पर पार्षद का गंभीर आरोप भी है।
दरअसल सिवरेज ठेकेदार ने नगर निगम क्षेत्र के सड़को को ऐसा तहस-नहस किया है कि कई बस्तियों में आज भी सड़को को ठीक नही कराया गया। जिसका मामला कई बार नगर निगम के परिषदों के बैठक में उठ चुका है। इसके बावजूद सिवरेज संविदाकार मनमानी पर उतारू है। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 हर्रई पश्चिम सड़क मार्ग का मामला है। जहां पार्षद भारतेन्दु पाण्डेय के अनुसार एक महीने पूर्व संविदाकार ने सिवरेज का काम किया, उसे सड़क को ठीक करने के लिए कहा गया, लेकिन संविदाकार तरह-तरह की बहाने बाजी कर रहा है।
उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि संविदाकार सुझावों को नही मानता है और अपने मनमुताबिक कार्य कर रहा है। जिसके चलते वार्ड की कई सड़के तहस-नहस हो चुकी हैं और आवागमन भी प्रभावित होता है। पार्षद ने साफ तौर पर कहा है कि सड़को को तहस-नहस कराने में सिवरेज ठेकेदार की भूमिका को नजर अंदाज नही किया जा सकता है। मोहल्लेवासी परेशान हैं।