Singrauli News: सिंगरौली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। मनीष खत्री के निर्देश तथा सर्वप्रिय सिन्हा और उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम ने 15-16 मार्च की मध्यरात्रि शहर के विभिन्न स्थानों पर औचक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर अलग-अलग टीमों द्वारा वाहनों की जांच की गई। इस दौरान लगभग 67 वाहनों की चेकिंग की गई और चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइस दी गई। जांच के दौरान 10 ट्रक और 2 ट्रेलर सहित कुल 12 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने सभी वाहनों को जप्त कर प्रकरण निराकरण के लिए न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि यातायात पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई का सकारात्मक प्रभाव भी दिखाई दे रहा है। वर्ष 2025 में चलाए गए विशेष अभियान के बाद सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले इन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को छ: माह के लिए निलंबित कराने के लिए प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात, सउनि सवालिया रावत, सुरेश शुक्ला, आर प्रवेश, जितेंद्र और लक्ष्मण सहित अन्य यातायात पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।