Singrauli News: सहकार ग्लोबल कंपनी पर रेत के अवैध उत्खनन के गंभीर आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग

Singrauli News: सिंगरौली जिले के ग्राम हर्रहवा में संचालित सहकार ग्लोबल कंपनी की रेत खदान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने कंपनी पर स्वीकृत खदान क्षेत्र के बाहर अवैध रेत उत्खनन करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर सिंगरौली को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।

आरोप है कि हर्रहवा में खसरा क्रमांक 412 और 413 की भूमि पर रेत खदान संचालन की अनुमति दी गई है, जिसकी उत्पादन क्षमता लगभग 72 हजार घन मीटर प्रतिवर्ष निर्धारित है। इसके बावजूद कंपनी द्वारा निर्धारित क्षेत्र से बाहर भी रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण और भूजल स्तर पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

शिकायत में बताया गया है कि खदान क्षेत्र का पटवारी नक्से के अनुसार सीमांकन कराने के लिए 6 जून 2025, 29 जनवरी 2026 और 9 फरवरी 2026 को आवेदन दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि और स्वीकृत खदान क्षेत्र के बीच काफी अंतर दिखाई दे रहा है, जिससे अवैध उत्खनन की संभावना और मजबूत हो जाती है। साथ ही संचालित खदान और दर्ज खसरा भूमि के बीच लगभग 5 किलोमीटर का अंतर बताया गया है।

MP News: हवाई पट्टी पर किया गया मुख्यमंत्री का स्वागत

इसके अलावा आरोप है कि कंपनी द्वारा वन विभाग की भूमि (PF क्रमांक 420) के भीतर से लगभग एक किलोमीटर लंबा रास्ता बनाकर रेत परिवहन किया जा रहा है। इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में कई बार शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि कंपनी द्वारा पीसी मशीन से नदी में गहराई तक खनन किया जा रहा है, जिससे नदी में बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे पानी पीने के लिए जाने वाले लोगों और पशुओं के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है, जबकि नियमों के अनुसार ऐसी मशीनों से खनन की अनुमति नहीं है।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पटवारी के प्रचलित नक्से के अनुसार खसरा नंबर 412 और 413 का सीमांकन कराया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Singrauli News: नगर निगम ने 51 दुकानदारों को भेजा नोटिस, व्यापारियों में मचा हड़कंप, 7 दिवस के अंदर करें भुगतान, नही तो दुकानों का आवंटन निरस्त कर सील करें

BMW M2 CS भारत में लॉन्च, ₹1.66 करोड़ की कीमत में सुपरफास्ट परफॉर्मेंस

Leave a Comment