Singrauli News : आखिरकार वही हुआ, जिसका इंतजार शिकायत कर्ता लंबे समय से कर रहे थे। मीडिया में मामला उजागर होते ही सोया हुआ प्रशासन अचानक जाग गया। चितरंगी जनपद की ग्राम पंचायत धरौली में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अधिकारियों ने सरपंच और रोजगार सहायक को साफ अल्टीमेटम दे दिया है कि एक सप्ताह के भीतर आवास निर्माण कार्य पूरा किया जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई तय है। सबसे अहम बात यह है कि आज से रुका हुआ निर्माण कार्य फिर से शुरू भी करा दिया गया है। गौरतलब है कि धरौली पंचायत में पीएम आवास योजना के तहत गड़बड़ी और शिकायत दबाने के आरोप लगातार सामने आ रहे थे। शिकायत कर्ता द्वारा कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद मामले को बिना जांच के बंद कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। लेकिन जैसे ही मामला मीडिया में उछला, प्रशासन की नींद टूटी और जिम्मेदारों पर दबाव बनना शुरू हो गया।
पंचायत स्तर पर हुई गड़बड़ी
शिकायतकर्ता का कहना है कि अगर पहले ही शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होती, तो पात्र हितग्राही को महीनों तक भटकना नहीं पड़ता। लोगों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर मिलीभगत के चलते योजना का लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच पाया और शिकायतों को जानबूझकर दबाया गया। इधर अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा में आवास निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित सरपंच और रोजगार सहायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जांच भी कराई जाएगी, ताकि गड़बड़ी की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल धरौली में अचानक शुरू हुआ निर्माण कार्य यह जरूर साबित करता है कि जब सवाल उठते हैं, तो सिस्टम को जवाब देना ही पड़ता है। अब देखना यह होगा कि यह सख्ती केवल दिखावे तक सीमित रहती है या वास्तव में दोषियों पर कार्रवाई कर व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाएगी।
BMW M2 CS भारत में लॉन्च, ₹1.66 करोड़ की कीमत में सुपरफास्ट परफॉर्मेंस