Singrauli News : जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत कारी खदान इन दिनों अवैध रेत उत्खनन का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। शासन-प्रशासन की तमाम सख्ती के दावों के बावजूद, इस खदान से प्रतिदिन भारी मात्रा में रेत की चोरी की जा रही है, जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कारी खदान में रेत माफिया सक्रिय हैं, जो बिना किसी वैध पट्टे या रॉयल्टी के रेत का अवैध कारोबार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहाँ दिन-रात ट्रैक्टरों और डंपरों का जमावड़ा लगा रहता है। रेत माफिया न केवल प्राकृतिक संपदा का दोहन कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुँचा रहे हैं। साथ ही खदान के आसपास कई जगहों पर चोरी की रेत का अवैध स्टॉक किया जा रहा है, जिसे ऊंचे दामों पर बाजार में बेचा जाता है।
वहीं क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस की नाक के नीचे यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। रेत से लदे भारी वाहनों के कारण गांव की सड़के जर्जर हो रही हैं और उड़ती धूल से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इधर नाम न छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया कि हमें डर है कि अगर इसी रफ्तार से उत्खनन जारी रहा, तो भू-जल स्तर नीचे गिर जाएगा और भविष्य में खेती के लिए संकट पैदा हो जाएगा। रेत माफिया इतने रसूखदार हैं कि कोई उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। क्षेत्र के सजग नागरिकों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि कारी खदान पर तत्काल प्रभाव से छापेमारी की जाए और अवैध उत्खनन में लिप्त वाहनों व मशीनों को जप्त कर माफियाओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
Singrauli News: सिंगरौली में किराना दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक