Singrauli Waidhan News: विवादित टिप्पणियों के चर्चित हो चुके जनपद पंचायत सीईओ अजीत बरवा का नया कारनामा सामने आया है। वह हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ भी जाति पूछकर देते हैं। उनकी यह हरकत अब पंचायत कर्मियों सहित अन्य ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनती जा रही है। जनपद पंचायत वैढ़न में सोमवार के दिन उस समय असहज स्थिति निर्मित हो गई, जब ग्राम पंचायत ढेंकी के एक हितग्राही ने उनसे बीपीएल कार्ड बनाने का आग्रह किया।
पहले तो उन्होंने उसे बताया कि बीपीएल कार्ड जनपद पंचायत से नहीं बनता है। इसके बाद उन्होंने ग्रामीण से उसकी जाति पूछी। उसने बताया कि मैं ब्राह्मण हूं। जिसके बाद जनपद पंचायत सीईओ तपाक से बोले कि सारी भूमि पर तो ब्राह्मणों का कब्जा है। तुम्हारे पास भी सैकड़ों एकड़ जमीन होगी, फिर क्यों बीपीएल कार्ड बनवा रहे हो।
इसके बाद उसने बताया कि मेरे हिस्से में मात्र 2 एकड़ भूमि है। वह भी उपजाऊ नहीं है, लेकिन जनपद सीईओ कहते रहे कि झूठ बोल रहे हो। मैंने पूरा क्षेत्र घूमा है। यहां के ब्राह्मण सारी जमीन कब्जाए बैठे हैं। इससे पहले कि मामला आगे बढ़ता हितग्राही को किसी तरह कक्ष से बाहर भेजा गया, लेकिन जनपद पंचायत सीईओ अपनी गलती मानने के लिए तैयार नहीं थे। कर्मियों के अनुसार इसके पहले भी वे एससी वर्ग के एक हितग्राही से भी इसी तरह का व्यवहार कर चुके हैं।