Varanasi कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या, प्रिंसिपल के सामने आरोपी छात्र ने दिया घटना को अंजाम

Varanasi में भोजूबीर स्थित उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में शुक्रवार को चलती कक्षाओं के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट से शिक्षा का मंदिर गूंज उठा। सामाजिक विज्ञान संकाय के गलियारे में एक छात्र ने अपने ही साथी छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया। छात्र के सिर और सीने में गोलियां लगने के बाद हडकंप मच गया। गोली लगने के बाद बीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह मौके पर ही गिरकर छटपटाने लगा। आरोपी छात्र ने इस वारदात को प्रिंसिपल के सामने ही अंजाम दिया। वारदात से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज कैंपस और बाहर तोडफोड़ की। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कॉलेज परिसर और अस्पताल में भारी फोर्स तैनात कर दी गई। सूचना पर पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे और घटना के संदर्भ में पूरी जानकारी ली। घटना में मृत छात्र गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के दुबैधा गांव का निवासी था। इस मामले में गठित पुलिस टीम ने देरशाम आरोपित छात्र मंजित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त से पुलिस पूछताछ में जुटी है।

जमीन पर गिरने तक बरसाता रहा गोलियां

छात्र सूर्य प्रताप सिंह पर आरोपी छात्र मंजित तब तक गोलियां बरसाता रहा, जब तक वह जमीन पर गिर नहीं गया। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे मृतक के साथियों ने बताया कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ हत्या करने की नीयत से पिस्टल लेकर आया था। छात्र की मौत की जानकारी मिलने के बाद ट्रॉमा सेंटर पहुंची छात्र की मां किरन सिंह बार-बार अचेत हो जा रहीं थीं। मां की करुण क्रदन सुनकर लोगों की भी आंखें नम हो जा रहीं थी।

छात्र की मौत पर साथी छात्रों का फूटा गुस्सा

अपने साथी को लहूलुहान देख छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर रहा। घायल सूर्य प्रताप को पहले मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से नाजुक हालत देख बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों ने मुख्य द्वार बंद कर तोडफोड़ शुरू कर दिया। घटना की जानकारी होते ही कई थानों की फोर्स के साथ आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने-बुझाने में जुट गये। हमलावर छात्र की पहचान मंजीत चौहान के रूप में हुई है। वह कॉलेज से कुछ दूर ही चांदमारी का निवासी बताया जाता है। आरोपित छात्र की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गयी हैं।

चार राउंड फायरिंग से मची दहशत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है जब कॉलेज में कक्षाएं चल रहीं थीं। अचानक चार राउंड फायरिंग की आवाज से हडकंप मच गया। आरोपी छात्र ने पूरी तैयारी के साथ सूर्य प्रताप को निशाना बनाया। हमलावर ने पिस्टल से सीधे छात्र के सिर और सीने में गोली मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संकाय की पहली मंजिल की ओर भाग और पीछे की दीवार फांदकर मौके से भाग निकला। भागते समय उसने पास के ही कूड़े के ढेर में पिस्टल फेंक दी। जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।

इकलौता बेटा था सूर्य प्रताप सिंह

मृतक के पिता ऋ षिदेव सिंह संत अतुलनानंद स्कूल में प्रबंधक राहुल सिंह की गाड़ी चलाते हैं। चलाते हैं। माता किरन सिंह भी अतुलनानंद में काम करती हैं। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। दो बेटियां है। परिवार के इकलौते बेटे की मौत पर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे परिजनों नाते-रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।

अभियुक्त की जल्द से जल्द होगी गिरफ्तारीः पुलिस कमिश्नर

घटना के संदर्भ में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि कॉलेज परिसर से अधिकारियों द्वारा सारे साक्ष्य एकत्रित कर लिये गये हैं। मौके से सीसीटीवी के डीवीआर कब्जे में ले लिये गये हैं। इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों समेत कई लोगों के बयान दर्ज किये गये हैं। थाने पर एफआईआर दर्ज करायी जा रही है। आरोपित छात्र की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गयी हैं। अभियुक्त की जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया, छात्रों से पूछताछ में यह प्रतीत हो रहा है कि मामूली विवाद के बाद आरोपी छात्र ने गोली चलायी। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के प्रिंसिपल पर भी विभिन्न आरोप लगाये हैं। उनसे भी पूछताछ कर जांच की जाएगी। आरोपित छात्र मंजीत एमए का छात्र बताया गया है।

ये भी पढ़े-

Singrauli News: निगरी के मौहरी टोला स्थित तालाब के गहरीकरण एवं गाद निकासी कार्य का प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ

Shaktinagar News: नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार

Leave a Comment