Waidhan Bus Stand: बैढ़न बस स्टैंड में यात्रियों को नहीं मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं

Waidhan Bus Stand: सिंगरौली जिले के मुख्य अंतरराज्यीय बस स्टैंड बैढ़न में यात्रियों के लिए बनाया गया प्रतीक्षालय बदहाली का शिकार हो चुका है।
यूपी व छग प्रांत से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए यह बस स्टैंड महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। प्रतीक्षालय में न तो पेयजल की व्यवस्था है और न ही पंखे ठीक से चल रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को भीषण गर्मी के बीच काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि प्रतीक्षालय में दिन के समय भी बिजली के बल्ब जलते रहते हैं, लेकिन लगाए गए पंखे पूरी तरह से बंद पड़े हैं। गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और दिन में तापमान बढ़ने लगा है, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम द्वारा पंखों को ठीक कराने की कोई पहल नहीं की जा रही है। प्रतीक्षालय में बैठने के लिए बनाए गए सीमेंट के बैंच भी पूरी तरह से टूट चुके हैं। कई जगहों से सरिया बाहर निकल आई है, जो किसी भी यात्री के लिए खतरा बन सकती है।
यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। यात्रियों ने बताया कि प्रतीक्षालय की छत का प्लास्टर भी कई जगहों से टूटकर गिर चुका है। कुछ हिस्सों में प्लास्टर गिरने की स्थिति में है, जिससे वहां बैठने वाले यात्रियों को हमेशा डर बना रहता है कि कहीं ऊपर छत के प्लास्तर मलवा न गिर जाए। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। यात्रियों का कहना है कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो सकती है। प्रतीक्षालय में साफ-सफाई की व्यवस्था भी पूरी तरह से नदारद है। चारों तरफ  गंदगी फैली हुई है,  जिससे यात्रियों को बैठने में भी परेशानी होती है। कई यात्रियों का कहना है कि यहां अक्सर नशेड़ी आकर बैठ जाते हैं, जिससे महिलाओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को असुरक्षा महसूस होती है। सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है।
प्रतीक्षालय में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों को मजबूरी में आसपास के होटलों का सहारा लेना पड़ता है। कई बार होटल संचालक भी मुफ्त में पानी देने से मना कर देते हैं, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है। दूर-दराज से आने वाले लोग, खासकर बुजुर्ग और बच्चे, इस समस्या से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

नशेड़ि़यों का अड्डा बना यात्री प्रतीक्षालय 

बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड का यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। यहां साफ.-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में प्रतीक्षालय नशेड़ि़यों का अड्डा बनता जा रहा है। बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि दिन भर प्रतीक्षालय में नशे की हालत में लोग बैठे रहते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करते हैं। ऐसे माहौल में महिलाओं के लिए वहां बैठना मुश्किल हो जाता है।
कई बार यात्रियों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और कोतवाली पुलिस  से मांग की है कि बस स्टैंड में नियमित साफ.-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधा मिल सके।

पेयजल के साथ बुनियादी सुविधाओं का अभाव 

यात्रियों का कहना है कि अंतरराज्यीय बस स्टैंड होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। नगर निगम को इस ओर तत्काल ध्यान देना चाहिए और प्रतीक्षालय की मरम्मत, साफ.-सफाई,  पेयजल और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। यात्रियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को लेकर प्रशासन से शिकायत करेंगे।

Leave a Comment