Singrauli News: कर्थुआ में सामुदायिक भवन अटका, 3 महीने बाद भी नहीं मिली शासकीय भूमि

Singrauli News: ग्राम पंचायत कर्थुआ में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य राजस्व विभाग की लापरवाही के चलते अब तक शुरू नहीं हो सका है। जनपद पंचायत चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 19 जनवरी 2026 को तहसीलदार चितरंगी को पत्र लिखकर शासकीय भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था, लेकिन करीब ढाई महीने के करीब  बीत जाने के बाद भी राजस्व अमला इस समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। जानकारी के अनुसार पंचायत संचालनालय द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की जा चुकी है और निर्माण की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई थीं। इसके बावजूद भूमि उपलब्ध न होने से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
अधिकारियों के बीच पत्राचार होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक भवन के अभाव में पंचायत के कार्यक्रमों, बैठकों और सामाजिक आयोजनों में लगातार परेशानी हो रही है। शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि यदि राजस्व विभाग समय रहते भूमि चिन्हांकन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर देता, तो अब तक भवन निर्माण कार्य शुरू हो चुका होता। लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते यह कार्य कागजों तक ही सीमित रह गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर राजस्व अमले को निर्देशित किया जाए, ताकि शासकीय भूमि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ  कार्रवाई की भी मांग उठ रही है।

Leave a Comment