Singrauli News: सिंगरौली जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। ‘ड्रग फ्री मिशन’ के तहत अब जिले में नारकोटिक्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। इस दिशा में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने सभी अधिकारियों के साथ बैठक लेकर ठोस रणनीति तैयार की है।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के निर्देशों पर कार्रवाई
यह कदम कैलाश मकवाणा (पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश) द्वारा 30 मार्च 2026 को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में उठाया गया है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
3 साल में ‘ड्रग फ्री’ बनाने का लक्ष्य
पुलिस अधिकारियों को बताया गया कि केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से अगले 3 वर्षों में देश को ड्रग्स मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसी के तहत जिले में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
किंगपिन तक पहुंचने की रणनीति
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल छोटे आरोपियों पर कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि ड्रग नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर मुख्य सरगना (किंगपिन) तक पहुंचना प्राथमिकता होगी। ड्रग हॉटस्पॉट, तस्करों और बिचौलियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NDPS मामलों की सख्त मॉनिटरिंग
बैठक में लंबित वारंटों की तामीली, अन्य राज्यों में छिपे आरोपियों की तलाश और कोर्ट में लंबित मामलों के जल्द निपटारे पर जोर दिया गया। साथ ही अंतरराज्यीय समन्वय बढ़ाकर ड्रग तस्करी पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
तीन चरणों में होगा अभियान
पुलिस ने इस मिशन को तीन चरणों में लागू करने की योजना बनाई है—
- पहला चरण: अपराधियों का डाटा तैयार करना, डोजियर बनाना और ड्रग रूट की पहचान
- दूसरा चरण: किंगपिन पर कार्रवाई, अवैध संपत्ति जब्ती और कड़ी कानूनी कार्रवाई
- तीसरा चरण: “नशे से दूरी है जरूरी-2.0” अभियान के तहत जनजागरूकता
स्कूल-कॉलेज के आसपास ड्रग फ्री जोन
पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि सभी शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर दायरे को ड्रग फ्री जोन घोषित कर सख्ती से लागू किया जाए। ग्राम रक्षा समिति और नगर सुरक्षा समिति की मदद से खुफिया जानकारी जुटाई जाएगी।
नशा मुक्ति और पुनर्वास पर भी फोकस
पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा मुक्ति, काउंसिलिंग और पुनर्वास पर भी काम करेगी, ताकि समाज को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर
एसपी मनीष खत्री ने साफ कहा कि जिले में नारकोटिक्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और हर स्तर पर सख्त कार्रवाई होगी। सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़े-
Singrauli Devsar News: जपं देवसर प्रांगण स्थित श्री पंचमुखी बजरंगबली का मनाया गया जन्मोत्सव