Singrauli News: देवरी पंचायत में परसौना बाजार की बोली पर विवाद गहराया

Singrauli News: जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में परसौना बाजार की बोली प्रक्रिया को लेकर नया विवाद सामने आया है।  इस बार खुद ग्राम पंचायत की सरपंच ने पूरे मामले में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा है।
आरोपों के बाद पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। शिकायत के अनुसार 24 मार्च को बाजार की बोली के लिए इश्तेहार जारी किया गया था, लेकिन 30 मार्च को कथित रूप से जल्दबाजी में केवल तीन लोगों से अमानत राशि जमा कराकर बोली प्रक्रिया पूरी कर दी गई। सरपंच का आरोप है कि अन्य इच्छुक व्यक्तियों को यह कहकर रोक दिया गया कि समय सीमा समाप्त हो चुकी है,  जबकि जारी सूचना में समय सीमा का स्पष्ट उल्लेख नहीं था।
इससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। मामले को और गंभीर बनाते हुए सरपंच ने दावा किया कि पिछले कई वर्षों से एक ही व्यक्ति को बाजार का ठेका मिलता रहा है। इससे प्रतिस्पर्धा प्रभावित हुई है और पंचायत को संभावित राजस्व हानि हो रही है। यह आशंका भी जताई गई है कि पूरी प्रक्रिया किसी विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई। साथ ही सरपंच ने बाजार के स्थान को लेकर भी चिंता जताई है।

Leave a Comment