Singrauli Kanchani News: सरकारी राशन के WhatsApp ग्रुप में ‘चिकन शॉप’ का प्रचार, कचनी में कोटेदार पर उठे सवाल

Singrauli Kanchani News: सरकारी योजनाओं का उद्देश्य आमजन, खासकर गरीब तबके तक सुविधाएं पहुंचाना होता है, लेकिन जब इन्हीं व्यवस्थाओं का उपयोग निजी लाभ के लिए होने लगे तो सवाल उठना लाजमी है। ऐसा ही एक मामला सिंगरौली जिले के कंचनी वार्ड क्रमांक 28 से सामने आया है, जहां सरकारी राशन दुकान से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल निजी व्यापार के प्रचार के लिए किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, ‘PDS राशन दुकान कंचनी’ नाम से संचालित व्हाट्सएप ग्रुप, जो राशन कार्ड धारकों को सूचना देने के लिए बनाया गया है, उसमें हाल ही में कोटेदार द्वारा निजी ‘हर्ष चिकन हब’ (Harsh Chicken Hub) का विज्ञापन साझा किया गया। यह ग्रुप केवल एडमिन के नियंत्रण में है, जहां अन्य सदस्य कोई संदेश नहीं भेज सकते।

Singrauli Kanchani News
Singrauli Kanchani News

बताया जा रहा है कि ग्रुप में पहले मार्च और अप्रैल माह के राशन वितरण की सूचना दी गई, लेकिन उसके तुरंत बाद ‘हर्ष चिकन हब’ का पोस्टर साझा करते हुए “कस्टमर सर्विस चालू है” का संदेश लिखा गया। इस पोस्ट के वायरल होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी सूचना समूह का उपयोग निजी व्यवसाय के प्रचार के लिए करना पूरी तरह अनुचित है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन कार्ड धारकों को अनिवार्य रूप से इस ग्रुप से जोड़ा गया है ताकि उन्हें आवश्यक जानकारी मिल सके, लेकिन अब उन्हें असंबंधित और निजी विज्ञापन देखने को मजबूर होना पड़ रहा है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो सरकारी व्यवस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठेंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कोटेदार पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग न कर सके।

ये भी पढ़े-

Singrauli News: भविष्य से भेंट कार्यक्रम में एसपी मनीष खत्री ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

LPG संकट फैसला, नए कनेक्शन पर अब मिलेगा 5 किलो का सिलेंडर

Leave a Comment