Singrauli News: जन चौपाल में उमड़ी भीड़, पुलिस ने मौके पर सुनी समस्याएं

Singrauli News: जिले में पुलिस और आमजन के बीच संवाद मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को सभी थाना व चौकी स्तर पर “जन चौपाल” का आयोजन किया गया। शाम 4 से 6 बजे तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखीं। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतें सुनकर उनके त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।

यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत व पुलिस उप महानिरीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विंध्यनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-02 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित जन चौपाल में भाग लिया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण जैसे मुद्दों पर जनसहयोग बेहद जरूरी है। शिकायतों के निराकरण के लिए अलग रजिस्टर तैयार किया गया है, जिसमें दर्ज मामलों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान एसपी ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सुरक्षित माहौल बनाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। नाबालिग बालिकाओं के गुम होने और अपहरण जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।

जन चौपाल में साइबर अपराध और यातायात नियमों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी या पासवर्ड किसी से साझा न करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

ये भी पढ़े-

Gaurav Benal का जिला अस्पताल पर औचक निरीक्षण, गंदगी और लापरवाही पर सख्त रुख

NCL ने मनाया “विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस”

Leave a Comment