Singrauli News : सीडब्ल्यूएस कॉलोनी जयंत में देर रात तीन सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, चांदी के आभूषण, स्कूटी और मोटरसाइकिल समेत करीब एक लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन एवं सीएसपी विन्ध्यनगर उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना विन्ध्यनगर एवं चौकी जयंत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार फरियादी विजय कुमार शर्मा (41) निवासी बी-262, सेक्टर-3 सीडब्ल्यूएस जयंत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:46 बजे दीपक दुबे ने फोन कर सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति सब्बल लेकर पास के मकान का दरवाजा तोड़ रहा है। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि क्वार्टर क्रमांक MQ-484 (स्व. रंजीत लकड़ा का आवास) में चोरी हो चुकी थी। आसपास जांच करने पर क्वार्टर नंबर 449 (पवन कुमार श्रीवास्तव) और MQ-431 (डेलम सिंह उइके) में भी चोरी की घटना सामने आई।
बताया गया कि सभी मकान मालिक शादी समारोह में अपने गृह ग्राम गए हुए थे। क्वार्टर नंबर 449 से एक स्कूटी एक्टिवा (क्रमांक MP66ZF0807) भी चोरी हो गई थी।
मामले में थाना विन्ध्यनगर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंडियन ऑयल कॉलोनी जयंत के पास से संदेही बबलू बंसल (26) निवासी गोलाई बस्ती जयंत को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने तीनों घरों में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नगद राशि, एक चांदी की बिस्किट, छह जोड़ी चांदी की बिछिया (कीमत लगभग 9 हजार रुपये), चोरी की स्कूटी एक्टिवा तथा बैढ़न-बिलौंजी क्षेत्र से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक UP64R3850) बरामद की। कुल जब्ती की कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विन्ध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, उपनिरीक्षक राजेश द्विवेदी, रवि गोस्वामी, जिवेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुनील मिश्रा, आरक्षक सुबोध तोमर, बीरेन्द्र पटेल, सिरदेलाल उइके, महेश पटेल, भीम सिंह, जीवन सिंह, प्रदीप राठौर एवं सैनिक कृष्ण कुमार गोस्वामी की सराहनीय भूमिका रही।
Singrauli News : चटनिहा नाला के पास हाईवा वाहन के टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत