Singrauli News: सिंगरौली जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आज से 2133 प्रगणक शुरु करेंगे मकानों की गणना, 34 तरह के प्रश्न हैं शामिल

Singrauli News: जन-जन की गणना का काम दो चरणों में शुक्रवार 1 मई से शुरू होने जा रहा है। पहले चरण में मकानों की गणना शुरु हो रही है। जनगणना के कार्य को पूरा करने के लिए जिले में 2133 प्रगणक और 371 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। जनगणना कार्य को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनगणना कार्य के पहले दिन सभी प्रगणक अपने मोबाइल में एचएलओ एप डाउनलोड करेंगे, जो प्रगणक पहले एप डाउन लोड कर चुके हैं, उनको पहले वाले एप को हटाकर नये सिरे से एप को लोड करना होगा। उसके बाद मकानों की गणना की जाएगी प्रत्येक मकान की नंबरिंग की जाएगी और मौके पर नजरी-नक्शा भी तैयार किया जाएगा।

34 तरह के प्रश्न हैं शामिल

पहले चरण की गणना में 34 तरह से सवाल प्रगणकों द्वारा भवन स्वामियों से पूछे जाएंगे, जिसमें घर में शौचालय है या नहीं, इंटरनेट, मोबाइल, टीवी, फ्रिज, किचन, गैस की उपलब्धता आदि सवाल पूछे जाएंगे। हाईटेक तरीके से मकानों की गिनती में जियो रेफरेसिंग तकनीक का उपयोग किया जाएगा। हर घर की लोकेशन डिजिटल मैप पर दर्ज होगी ताकि कोई मकान गणना से छूटे नहीं और न किसी की दोबारा गिनती हो सके। मकानों की गणना के काम को 20 मई तक हरहाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

एक प्रगणक को 2 सौ मकानों की जिम्मेदारी

मकानों की गणना का काम तय समय सीमा में पूरा हो, इसको ध्यान में रखते हुए एक प्रगणक को 2 सौ मकानों की गणना करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दूसरे चरण में जब पब्लिक की गणना होगी तो एक प्रगणक को 7 सौ लोगों की गणना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मकानों की गणना करने के लिए जे प्रगणक आएंगे, उनको मोबाइल नंबर भी बताना पड़ेगा, दिए गए मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगी, उसके बाद जानकारी पोर्टल पर अपलोड होगी।

नगरीय क्षेत्र में आज से शुरू होगा जनगणना का प्रथम चरण

सिंगरौली नगर के तीनों जोन के अंतर्गत आने वाले सभी 45 वाडों में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ 1 मई को प्रातः 10.30 बजे से किया जाएगा। नगर जनगणना अधिकारी सविता प्रधान के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना है।

नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रधान ने बताया कि इस चरण के तहत नगर के प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा जो आगामी राष्ट्रीय जनगणना की आधारशिला बनेगा। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर जनगणना अधिकारी द्वारा सभी 45 वाडों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की टीमें तैनात की गई हैं। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को जनगणना की प्रक्रिया और इसके महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि गणना के दौरान डेटा संग्रहण का कार्य बिना किसी बाधा के पूर्ण हो सके। नगर जनगणना अधिकारी सविता प्रधान ने नगर वासियों से इस कार्य में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।

ये जानकारी नहीं पूछी जाएगी

जनगणना में पूछी जाने वाली जानकारी को गोपनीय रखा जाए‌गा। जनगणन प्रगणक और पर्यवेक्षक के नाम पर कोई फ्रॉड न कर सके, इसको ध्यान में रखते हुए हमसे और आपसे बैंक बैलेंस, खाता नंबर, महीने की कमाई, आधार नंबर, पैन नंबर जैसे निजी विवरण कोई नहीं पूछ सकता है। प्रगणक और पर्यवेक्षक को एक खासतौर का आईकार्ड दिया गया है, जिसमें क्यूआर कोड दिया गया है। क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित की जानकारी प्राप्त की जा सकती है

ये भी पढ़े-

St. Joseph’s School से 10वीं के तेजस, 12वीं के दीपल-हर्षित बने संयुक्त टॉपर

Leave a Comment