Bank Robbery: बेऊर जेल से बनी बैंक डकैती की साजिश, दो और आरोपी बिहार से गिरफ्तार

Bank Robbery: जिला मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल 2026 को हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना वैढ़न पुलिस ने साजिश में शामिल दो अन्य आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चन्दन उर्फ चईया यादव (21) एवं गुलशन (19) निवासी खीरूबिगहा, थाना नगरनौसा, जिला नालंदा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार पहले से गिरफ्तार आरोपी कमलेश ने फंटूस, पंकज, राजेश और छोटू के साथ मिलकर डैकती डाली थी। पर इन दोनों ने डकैती की साजिश और लूट के माल को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाई थी।

पूछताछ और तकनीकी जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड सुबोध सिंह है, जो वर्तमान में बेऊर जेल में बंद है। उसने उड़ीसा की कुचिंडा जेल में बंद अपने शागिर्द पीयूष जायसवाल के माध्यम से इस डकैती को अंजाम दिलाया।

इस कार्रवाई में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा टीम का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप नामदेव, उपनिरीक्षक उदयचंद करिहार, उपनिरीक्षक अमन वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक पप्पू सिंह, सहायक उपनिरीक्षक लेखचंद डोहार, प्रधान आरक्षक मुनेन्द्र राणा एवं आरक्षक गौतम कुमार का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Comment