Singrauli News: गुरुवार शाम को सासन पुलिस चौकी क्षेत्र के काम गांव में तेज गति से भागते एक ट्रैक्टर ने 8 वर्षीय बालक को कुचल दिया, जिसमें बालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मासूम बालक अजय पनिका पिता बाबादीन पनिका निवासी काम सड़क पर जा रहा था। उसी समय मुरम लोड ट्रैक्टर तेज रफ्तार से निकला और बालक को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
हादसे को अंजाम देने के बाद चालक सड़क पर ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सासन चौकी पुलिस शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद सासन चौकी पुलिस चालक की तलाश में लग गई है। बताया जा रहा है कि मासूम बालक घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन खेल मैदान पहुंचने के पहले ही काल बनकर आए ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया।
चालक की तलाश में लगी है पुलिस
बालक की मौत की जानकारी जब उसके माता-पिता और परिजनों को लगी तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि अजय अब उनके बीच नहीं रहा। बदहवासी की हालत में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। माता-पिता के अलावा गांव के लोग भी गमगीन हैं। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्य में मुरम लेकर जा रहा था। सासन चौकी प्रभारी संदीप नामदेव का कहना है कि परिजनों को समझा-बुझाकर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।