Singrauli News: कलेक्ट्रेट कार्यालय के विभागों और शाखाओं का औचक निरीक्षण गत दिनों कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा किया गया था। औचक निरीक्षण के दौरान विभागों के अधिकारियों से लेकर कर्मचारी और भृत्य तक अनुपस्थित मिले थे।
जांच के दौरान अनुपस्थित मिले सभी 41 अधिकारियों, कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काट लिया गया है। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचे और छुट्टी होने के बाद ही कार्यालय से जाएं। ऐसा न करने वाले अधिकारी और कर्मचारी दोबारा जांच में अनुपस्थित मिले तो उनको नौकरी से भी हाथ धोना पड़ सकता है।
कई कर्मचारियों की है मौज
कलेक्ट्रेट कार्यालय के विभिन्न विभागों और शाखाओं में नियमित कर्मचारियों की कमी है। कमी को पूरा करने के लिए कुछ विभागों के अधिकारियों ने अपने चहेतों को कार्यालय में पदस्थ कर रखा है और उनका वेतन डीएमएफ से स्वीकृत करा लिया गया है।
इसमें कई रिटायर्ड कर्मचारी भी शामिल हैं, जो रिटायर होने के बाद कलेक्ट्रेट का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। ये जुगाड़ लगाकर कलेक्टर दर पर काम कर रहे हैं, उनका वेतन भी डीएमएफ से निकल रहा है। ऐसे दर्जनों कर्मचारी हैं जो कार्यालय नहीं आते और हर माह उनका वेतन निकल रहा है। कड़ाई से जांच की जाए तो पूरी असलियत सामने आ जाएगी।