Singrauli News: सिंगरौली जिले के जयंत बस स्टैंड चौराहे पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे उस समय हुआ जब कार तेज गति से चौराहे की ओर बढ़ रही थी। दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सड़क किनारे खड़ी एक बाइक और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी। जयंत बस स्टैंड चौराहे के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार अचानक सड़क किनारे की ओर मुड़ गई और एक ठेले के पास जाकर पलट गई। पलटने के दौरान कार ने वहां खड़ी बाइक और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय नागरिकों ने घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कार में सवार सभी पांच लोगों को हल्की चोटें और झटके लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह कार की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Singrauli News: देवसर बाजार में भीषण आग, साइकिल स्टोर का मकान जलकर हुआ खाक
Singrauli News: शराब पीकर ट्रक चलाने वाले 5 चालकों पर की गई कार्यवाही, 55,000 रुपये का लगा जुर्माना