Singrauli News: जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात बनने जा रहे अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को कलेक्टर गौरव बैनल वैढ़न स्थित एनसीएल ग्राउंड के निर्माण स्थल पर पहुंचे, वहां उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। करीब 11 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से एनसीएल की सीएसआर निधि के माध्यम से बनाए जा रहे इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बारिश का दौर तेज होने से पहले खुदाई (एक्सवेशन) का कार्य पूरा कर लिया जाए और फाउंडेशन व बाउंड्री निर्माण का काम तत्काल शुरू किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने वाला केंद्र बनेगी। उन्होंने परिसर में गार्डन विकसित करने और व्यापक पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर और प्रेरणादायक वातावरण मिल सके।
जिले को मिलेगा पहला बड़ा मल्टी-स्पोर्ट्स सेंटर
अब तक जिले के खिलाड़ियों को कई खेलों के लिए पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं नहीं मिल पाती थीं। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने के बाद तैराकी, टेनिस, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और क्रिकेट जैसे खेलों के लिए एक ही परिसर में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को भी लाभ मिलेगा।
एक ही परिसर में मिलेंगी कई खेल सुविधाएं
निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए सेमी ओलंपिक साइज स्विमिंग पूल, लॉन टेनिस कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस हॉल और क्रिकेट नेट प्रैक्टिस सुविधा विकसित की जाएगी। इससे जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आधुनिक सुविधाएं मिलने से सिंगरौली की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
Singrauli News: अतिक्रमण हटाने के विरोध में जान देने के लिए पेड़ पर चढ़ा युवक