Singrauli News: हिंडालको में नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपये की ठगी प्रकरण में की जाए निष्पक्ष जांच

Singrauli News: जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर एक लाख रुपये की ठगी का एक मामला अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है। इस मामले को लेकर शनिवार को एक प्रेसवार्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष रामशिरोमणि शाहवाल ने पीड़ितजनों के साथ की। इस दौरान पीड़ित युवक के साथ उन्होंने मामले को उठाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

प्रेस वार्ता में फरियादी सूर्यभान उर्फ सूर्या साहू, कृष्णा साहू एवं संतोष शाह भी मौजूद रहे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे हिंडालको कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे एक लाख रुपये लिए गए, लेकिन न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। उन सभी ने मामले से जुड़े दस्तावेज और एफआईआर की प्रतियां भी मौके पर प्रस्तुत की हैं।

उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार थाना बरगवां में अपराध क्रमांक 0340/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में रितेश शाह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज होने का उल्लेख है। एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता सूर्यभान साहू ने आरोप लगाया है कि अगस्त 2024 से सितंबर 2024 के बीच नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल एक लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि नौकरी नहीं लगने के बाद पैसा वापस मांगने पर लगातार टालमटोल किया गया। शिकायत में धमकाने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

निष्पक्ष और त्वरित जांच होः रामशिरोमणि

रामशिरोमणि शाहवाल ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर धन उगाही करना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि पीड़ित युवक लंबे समय से न्याय के लिए भटक रहा था और मामला उनके संज्ञान में आने के बाद उन्होंने उसे प्रशासन तक पहुंचाने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। यदि अन्य लोग भी इसी प्रकार की कथित ठगी का शिकार हुए हैं तो उनकी शिकायतों की भी जांच की जाए।

पीड़ितों ने की ये अपील प्रेसवार्ता में मौजूद

कृष्णा साहू और संतोष शाह ने भी कहा कि रोजगार के नाम पर युवाओं का आर्थिक और मानसिक शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने युवाओं से किसी भी नौकरी के नाम पर धनराशि देने से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की पूरी जानकारी की जांच करने की अपील की।

Singrauli News: स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण की समीक्षा, कलेक्टर बोले—बारिश से पहले खत्म करें खुदाई

Singrauli News: हाइवा ने बाइक सवार को रौंदा, घटनास्थल पर परिजनों ने लगाया जाम

Leave a Comment