Singrauli News: डीपीएस निगाही की शिक्षक भर्ती पर उठे सवाल, प्राचार्य व प्रशासनिक अधिकारी पर गंभीर आरोप, जांच की मांग

Singrauli News: डीपीएस निगाही में हाल ही में हुई शिक्षक भर्ती को लेकर विवाद गहरा गया है। कुछ शिकायतकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया तथा पात्र और अनुभवी शिक्षकों की अनदेखी कर कथित लेनदेन के आधार पर नियुक्तियां की गई हैं। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि डीपीएस निगाही के प्राचार्य और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी की मिलीभगत से भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। उनका दावा है कि कुछ ऐसे अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जो निर्धारित पात्रता पूरी नहीं करते, जबकि सीटेट उत्तीर्ण, मास्टर डिग्रीधारी और कई वर्षों का शिक्षण अनुभव रखने वाले शिक्षकों को बिना ठोस कारण सेवा से हटा दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक यूनियन नेता के पारिवारिक सदस्यों को प्राथमिकता देकर नियुक्ति दी गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता बरती जाती तो योग्य और अनुभवी शिक्षकों को बाहर नहीं किया जाता।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि डीपीएस जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में यदि भर्ती प्रक्रिया पर इस प्रकार के आरोप लगते हैं तो इससे विद्यालय की साख प्रभावित होती है। उनका कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा की उम्मीद में महंगी फीस देकर विद्यालय में प्रवेश दिलाते हैं, इसलिए भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित होनी चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार मुक्त भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा विवादित भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर नई चयन प्रक्रिया आयोजित की जाए।

हालांकि, इस मामले में डीपीएस निगाही प्रबंधन, प्राचार्य तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि विद्यालय प्रबंधन या संबंधित पक्ष की ओर से कोई स्पष्टीकरण प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Singrauli News: हिंडालको में नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपये की ठगी प्रकरण में की जाए निष्पक्ष जांच

Singrauli News: स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण की समीक्षा, कलेक्टर बोले—बारिश से पहले खत्म करें खुदाई

Leave a Comment