Singrauli News: मंगलवार की शाम को बरगवां में हुए सड़क हादसे में 10 साल के बालक की मौत का मामला सुलझा भी नहीं था कि गुरुवार सुबह 6 बजे हुए एक सड़क हादसे में एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना जियावन थाना क्षेत्र के लोहरा तिराहे के पास की बताई जा रही है, जहां पर बेलगाम गति से रेत लोड करने जा रहे हाइवा चालक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 वर्षीय छत्रपति सिंह की मौके पर मौत हो गई और पिता छलपति सिंह (38) निवासी अतरवा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सड़क हादसे में पिता की नजरों के सामने जवान बेटे की मौत होने से गांव के लोगों में आक्रोश देखा गया। गुस्साये लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जो दोपहर 12 बजे तक चला।
रेत परिवहन में लगा है हाइवा
स्थानीय लोगों की मानें तो जिस हाइवा ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मारी है, वह अवैध रेत परिवहन में लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि सुबह 6 बजे हाइवा चालक जियावन होंगा होते हुए सहुआर क्षेत्र में अवैध रेत लोड करने के लिए जा रहा था, उसी समय जल्दबाजी के चक्कर में हाइवा चालक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हाइवा सीधी के मयापुर का बताया जा रहा है, जिसे देवसर क्षेत्र में कोई सुशांत पाठक चलवा रहा था, जो क्षेत्र में अवैध रेत का कारोबार करता है।
नर्सरी में काम करने जा रहे थे पिता-पुत्र
अतरवा गांव निवासी पिता-पुत्र वन विभाग की नर्सरी में मजदूरी का काम करने लिए बाइक से जा रहे थे। पिता-पुत्र घर से कुछ दूरी पर पहुंचे तभी सामने से काल बनकर आए हाइव ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने बाद दोनों लोग बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे, जिसके चलते पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा। हादसे को अंजाम देने के बाद हाइवा चालक मैके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
घंटों चला हंगामा
सड़क हादसे में बेटे की मौत होने और पिता के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना जब गांव के लोगों को मिली तो बड़ी संख्या में गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। गुस्साये ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे घंटों मार्ग पर आवाजाही बंद रही। लोगों को गुस्सा इस बात पर अधिक था कि क्षेत्र में अवैध रेत के परिवहन में लगे वाहनों पर जियावन थाना पुलिस द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाती है, जबकि अवैध रेत परिहवन में लगे वाहनों से आए दिन लोग सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं। दोपहर 12 बजे किसी तरह से हालात सामान्य हो पाये।
गांव में पसरा सन्नाटा
हाइवा की टक्कर से बेटे की मौत होने और पिता के घायल होने से पूरे गांव में सत्राटा पसरा हुआ है। घटनास्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता जोखन सिंह ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि पूरे जियावन क्षेत्र में अवैध रेत का कारोबार हो रहा है, सूचना दिए जाने के बाद भी जियावन थाना पुलिस रेत चोरों पर कार्रवाई नहीं करती है। पुलिस के संरक्षण में ही पूरा रेत का कारोबार चल रहा है। पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि जिस वाहन से टक्कर हुई, वह वाहन किसका है।