Singrauli News: जुड़वा तालाब परिसर में फहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा सिंगरौली

Singrauli News: औद्योगिक नगरी सिंगरौली आज पूरी तरह से राष्ट्रीयता के रंग में सराबोर नजर आई, जब शहर के हृदय स्थल जुड़वा तालाब परिसर के आसमान ने देश की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगे को अपनी बांहों में समेट लिया। नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र के निवासियों के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक और गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है।

देशप्रेम की भावना को नई ऊंचाई देते हुए, शहर के इस प्रमुख और खूबसूरत स्थल पर 100 फीट ऊंचे विशालकाय तिरंगे झंडे लगाने के कार्य का भव्य और गरिमामय लोकार्पण पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा जन-जन में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने और जुड़वा तालाब परिसर के सौंदर्य को एक नया आयाम देने के उद्देश्य से यह अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य कराया गया है।

यह ऐतिहासिक क्षण क्षेत्र के उन सम्मानित जनप्रतिनिधियों के कर कमलों द्वारा साकार हुआ, जिन्होंने राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह एवं न.पा.नि. सिंगरौली महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि न.पा.नि. सिंगरौली अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय के कर कमलों द्वारा संयुक्त रूप से आज इस राष्ट्र गौरव का भव्य लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया गया।

लोकारपण समारोह के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि 100 फीट की गगनचुंबी ऊंचाई पर पूरी आन-बान और शान से लहराता हमारा यह राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी संप्रभुता, अखंडता और अमर शहीदों के बलिदान की जीती-जागती गाथा है।

हवा के झोंकों के साथ जब-जब यह तिरंगा सिंगरौली के आसमान में लहराएगा, तब-तब यहाँ के प्रत्येक नागरिक और बच्चे के ह्रदय में देशप्रेम की एक नई ऊर्जा का संचार होगा। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जुड़वा तालाब परिसर में स्थापित यह विशाल तिरंगा अब अनंत काल तक सिंगरौली की पहचान और हर सिंगरौली वासी के स्वाभिमान का सबसे ऊंचा केंद्र बनकर मुस्कुराएगा, और तालाब के पानी में दिखने वाली इसकी भव्य छवि यहाँ आने वाले हर नागरिक के मन में देशभक्ति का भाव जाग्रत करेगी।

इसी कड़ी में नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में इस ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई देते हुए कहा कि यह नगर निगम प्रशासन की जनहित और राष्ट्रहित के प्रति कटिबद्धता का प्रमाण है, और यह गगनचुंबी तिरंगा हमारे शहर को विकास, एकता और गौरव के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।

​इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुंदर लाल शाह ,एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती अंजना इंद्रेश शाह, पार्षद श्री संतोष शाह, जनपद अध्यक्ष देवसर श्री प्रणव पाठक, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिलीप शाह, पार्षद श्री आशीष बैस, पार्षद श्री राम नरेश शाह, पार्षद श्री संजय सिंह, उपायुक्त श्री आर. पी. बैस, सहायक यंत्री श्री प्रवीण गोस्वामी, सहायक यंत्री श्री डीके सिंह एवं सहायक यंत्री श्री इंद्रवेश यादव उपस्थित रहे।

Singrauli News: डिप्टी कलेक्टर ने स्कूली बच्चों से किया सवांद

Singrauli News: बालिका का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Leave a Comment