Singrauli News:जिले के मकरोहर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 91 किलो 790 ग्राम गांजा और 93 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो कारें भी बरामद की हैं। जब्त गांजा, शराब और वाहनों की कुल कीमत करीब 24 लाख 86 हजार 910 रुपये बताई गई है। मामले में चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
सिंगरौली पुलिस के अनुसार ग्राम मकरोहर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गांजा और अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम गठित कर संबंधित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई में मौके से भारी मात्रा में गांजा और शराब बरामद हुई।
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही सिंगरौली पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जब्त मादक पदार्थ, शराब और वाहनों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को मादक पदार्थ के स्रोत, परिवहन, सप्लाई और वितरण नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।
सिंगरौली मे अबतक की बड़ी कार्रवाई
सिंगरौली पुलिस ने 91 किलो 790 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 35 हजार 800 रुपये, तथा 93 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 51 हजार 110 रुपये है, जब्त की। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त होंडा कार क्रमांक WB 06A 5526 और टाटा कार क्रमांक UP 64U 7303 भी जब्त की गई हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।
दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में दो फरार
सिंगरौली पुलिस ने मौके से भूपेन्द्र सिंह पिता रामकिशुन सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम मकरोहर और सुशील सिंह पिता राज रावण सिंह उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम मकरोहर को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सिंगरौली पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी। इसके साथ ही आरोपियों के संपर्कों और पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी की उपस्थिति में की गई।
सिंगरौली पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में डीएसपी अशोक सिंह परिहार के साथ उपनिरीक्षक विनय शुक्ला, पवन सिंह, उदय करिहार और चौकी प्रभारी सासन बी.एल. बंसल सहित अन्य पुलिस अधिकारी – कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।